दिल्ली में होने वाले BRICS समिट से पहले इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। टर्मिनल-3 के Pier C को इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए खोला जा रहा है। इसके पूरी तरह ऑपरेशनल होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता करीब 50 फीसदी बढ़ जाएगी।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड यानी DIAL के मुताबिक, 9 सितंबर की रात से Pier C पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा। शुरुआती दौर में यहां विदेश से आने वाली फ्लाइट्स को हैंडल किया जाएगा। इसके बाद 10 सितंबर की शाम से इंटरनेशनल अराइवल के साथ डिपार्चर ऑपरेशन भी शुरू हो जाएंगे।
Pier C के पूरी तरह शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता बढ़कर सालाना करीब 3.1 करोड़ यात्रियों तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही टर्मिनल-3 पर बड़े और नई पीढ़ी के वाइड-बॉडी विमानों को संभालने की क्षमता भी बढ़ेगी।
दरअसल, 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में 18वां BRICS लीडर्स समिट आयोजित होना है। भारत मंडपम में होने वाले इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और बड़े प्रतिनिधिमंडलों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में इंटरनेशनल एयर ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट पर तैयारियां तेज की गई हैं।
DIAL के मुताबिक CISF, इमिग्रेशन, कस्टम्स, एयरलाइंस समेत सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। एयरपोर्ट की टीमें बढ़े हुए ट्रैफिक के बीच यात्रियों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।