नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान हुए बवाल और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी कड़ी में एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार 21 जुलाई को मोदी सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे बहुत गलत बताया।
मीडिया से बातचीत में ओवैसी ने कहा, कल जो हुआ वो बहुत गलत हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों के साथ मारपीट की और पूरे घटनाक्रम में प्रशासन की ओर से गंभीर लापरवाही देखने को मिली।
CAA आंदोलन का किया जिक्र
ओवैसी ने अपने बयान में नागरिकता संशोधन अधिनियम विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय हुई घटनाओं को लोग शायद भूल चुके हैं, लेकिन उन वीडियो को फिर से जनता के सामने लाने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस ने प्रवेश कर लाइब्रेरी और कैंटीन तक में छात्रों पर कार्रवाई की थी। ओवैसी ने दावा किया कि उस दौरान एक छात्र की आंख की रोशनी भी चली गई थी।
किसानों के आंदोलन का भी दिया उदाहरण
(AIMIM) प्रमुख ने कहा कि संसद मार्च के दौरान जो हालात बने, वैसी ही अव्यवस्था किसानों के आंदोलन के दौरान लाल किले की घटना में भी देखने को मिली थी। उनके मुताबिक, सरकार को ऐसे आंदोलनों को संभालने के लिए पहले से संवाद और बेहतर रणनीति अपनानी चाहिए थी।
नड्डा की CJP नेताओं से मुलाकात पर उठाए सवाल
ओवैसी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की CJP पदाधिकारियों से हुई मुलाकात पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब प्रदर्शन कई सप्ताह से जारी था, तो सरकार ने पहले बातचीत क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा, अगर सरकार पहले ही छात्रों और प्रदर्शनकारियों से संवाद करती, तो शायद हालात यहां तक नहीं पहुंचते। पूरे मामले में मिस मैनेजमेंट साफ दिखाई देता है।
वायरल वीडियो का दिया हवाला
ओवैसी ने कहा कि सोमवार शाम के वायरल वीडियो देखकर कोई भी समझदार व्यक्ति अंदाजा लगा सकता है कि प्रदर्शनकारियों के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि वह सांसद चंद्रशेखर से मिलकर आए हैं, जो छात्रों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं।
संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है, जबकि सरकार की ओर से अब तक पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।