भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को होने वाला क्रिकेट मुकाबला खेल की वैश्विक पहुंच के लिहाज से खास माना जा रहा है। यह ऐतिहासिक मैच सानो इंटरनेशनल क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। मुकाबला भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
इस मैच को लेकर BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को दुनिया के नए हिस्सों और नए दर्शकों तक पहुंचाना BCCI की जिम्मेदारी है। सैकिया के मुताबिक, ऐसे मुकाबले क्रिकेट को पारंपरिक सीमाओं से आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
भारत और जापान की टीमें 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेंगी। हालांकि, एशियन गेम्स में दोनों टीमों के आमने-सामने होने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है। भारत सीडिंग सिस्टम के तहत सीधे नॉकआउट चरण में पहुंच चुका है, जबकि जापान को ग्रुप स्टेज के जरिए आगे बढ़ना होगा।
सैकिया ने कहा कि भारत-जापान जैसा मुकाबला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को नए दर्शकों से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन क्रिकेट को ज्यादा समावेशी और वैश्विक बनाने के साथ ओलंपिक मूवमेंट को भी मजबूती देते हैं।
गौरतलब है कि क्रिकेट 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक में भी शामिल होगा। BCCI सचिव ने क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए ICC चेयरमैन जय शाह की भी सराहना की।